Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 07 अक्टूबर। मोहल्ला मटकोटा में नगर पालिका द्वारा आरओ प्लांट लगाए जाने के लिए निर्माण कार्य के दौरान हिंदू आस्था से जुड़े बताए जा रहे एक कुएं की दीवार जेसीबी से तोड़े जाने की सूचना से हिंदूवादी और सनातनी संगठनों के लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके चलते वहां तनाव जैसी स्थिति बन गई। मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं की वर्तमान स्थिति को यथावत रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित ठेकेदार को कुएं की तोड़ी गई दीवार को दोबारा बनवाने के आदेश दिए गए। पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई के बाद मौके पर बनी तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित किया गया। स्थानीय लोगों और संगठनों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस कुएं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। वहीं नगर पालिका की ओर से आरओ प्लांट के लिए कराए जा रहे कार्य को लेकर भी लोगों ने मौके पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामले में स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने और कुएं की स्थिति को यथावत रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page