Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 02 अक्टूबर। कस्बे के तिराहा बाजार में शुक्रवार शाम उस समय खलबली मच गई, जब आगरा एसओजी टीम ने एक आरोपी की निशानदेही पर सर्राफ की दुकान पर दबिश दी। एसओजी टीम के पहुंचते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। टीम एक सर्राफ को दुकान से हिरासत में लेकर कोतवाली सिकंदराराऊ पहुंची। पूछताछ के बाद टीम उक्त सर्राफ को अपने साथ आगरा ले गई। बताया जा रहा है कि करीब 35 दिन पूर्व आगरा में ऑटो में सवार एक महिला से लाखों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषण लूटे जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पीड़िता की ओर से आगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान लूटे गए आभूषणों को सिकंदराराऊ के एक सर्राफ को बेचे जाने की जानकारी दी। इसके बाद आगरा एसओजी टीम शुक्रवार शाम गिरफ्तार आरोपी को अपने साथ सिकंदराराऊ लेकर पहुंची और उसकी निशानदेही पर तिराहा बाजार स्थित सर्राफ की दुकान पर दबिश दी। एसओजी टीम की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने पर टीम सर्राफ को अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद टीम उसे अपने साथ आगरा ले गई। मामले में सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो सकी। वहीं आगरा एसओजी टीम से संपर्क करने पर टीम ने मामले में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। एसओजी की इस कार्रवाई को लेकर कस्बे के बाजार में देर शाम तक चर्चाओं का दौर चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page