Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 अक्टूबर। मेला श्री दाऊजी महाराज में गुरुवार रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जो शुक्रवार सुबह तक चला। भजन गायक शेखर जायसवाल और अविनाश सिलौटी ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक मेला पंडाल में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने किया। भजन गायक शेखर जायसवाल ने ‘मुझको नंदी बना ले’ सहित भगवान शिव से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं अविनाश सिलौटी ने भी एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं की खूब तालियां बटोरीं। भजन संध्या के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में मौजूद रहे। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। देर रात तक चले कार्यक्रम के दौरान पूरा मेला पंडाल भक्ति के रंग में डूबा रहा। कार्यक्रम में हाथरस ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडेय, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, सूर्य प्रताप सिंह एवं रवि कुशवाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े राजेश सिंह (अध्यक्ष), अंकुर सिसौदिया (संयोजक) और सचिन शेखावत (व्यवस्थापक) ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page