
हाथरस 01 अक्टूबर। डॉ. गौर हरी सिंघानिया वेटरंस क्रिकेट चैम्पियनशिप का आयोजन 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर अलीगढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन (UPVCA) के अध्यक्ष डॉ. आईएम रोहतगी एवं सचिव गिरीश कपूर ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर आयोजित होगी। इसके सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेले जाएंगे। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 36 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें 8 ग्रुपों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता के संचालन के लिए 8 समन्वयक बनाए गए हैं, जिनमें नील मणि द्विवेदी, जफर आलम, राजेश शर्मा, प्रदीप गुप्ता, अहमरउद्दीन, ओपी कोहली, विजय सिंह एवं सोमेश्वर पांडे शामिल हैं।
प्रदर्शन के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से मार्च 2027 में प्रस्तावित रमा मिश्रा चैलेंजर ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन की जिम्मेदारी पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा को सौंपी गई है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, गोंडा, मऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, हरदोई, झांसी, जालौन, बरेली, लखीमपुर, पीलीभीत, बांदा, महोबा, हमीरपुर, नोएडा, हापुड़, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, आगरा, इटावा, एटा, मथुरा, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, हाथरस एवं अलीगढ़ की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 24 जनवरी 2027 को कानपुर में होगा । UPVCA की ओर से विजेता टीम को एक लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
2 अक्टूबर को हाथरस और एटा के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला
हाथरस वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा एवं सचिव राजेश शर्मा एडवोकेट ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतियोगिता के तहत 2 अक्टूबर को शहर में हाथरस VCA और एटा VCA के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि UPVCA अध्यक्ष डॉ. आई.एम. रोहतगी एवं सचिव गिरीश कपूर होंगे। मैच के दौरान कानपुर, संभल, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, एटा, इटावा, मथुरा और हाथरस के क्रिकेट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ-साथ पूर्व खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया है। हाथरस VCA की ओर से इन अतिथियों एवं पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।
ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान कानपूर से डॉ. आईएम रोहतगी, गिरीश कपूर, विवेक जैन, राजेश सिंह के अलावा संजय शर्मा, राजेश शर्मा, मुकुल दीक्षित, नितिन बागला, गौरव पचौरी, प्रवीन उपाध्याय, राज कुमार शर्मा, विजय शर्मा, आयोग दीपक, डॉ. मनोज शर्मा, विशाल ठाकुर, सौरभ चंद्रा, गोपाला पोनिया, डॉ. रघुकुल तिलक दुबे, रूप राम शर्मा, मुकेश जैन एवं सौरभ शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता को लेकर तैयारियों और खिलाड़ियों के उत्साह की जानकारी देते हुए सभी क्रिकेट प्रेमियों से प्रतियोगिता के मुकाबलों में सहभागिता और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।








