Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अक्टूबर। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) ने वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत 1 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर में की गई है। हाथरस जनपद में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई शेष 269 किलोमीटर सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) मोहित कुमार ने बताया कि गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जनपद में कुल 3354 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 1244 किलोमीटर सड़क को तोड़ने अथवा खोदने की आवश्यकता पड़ी थी। इनमें से 975 किलोमीटर सड़क का पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 269 किलोमीटर सड़क का कार्य शेष है। उन्होंने बताया कि शेष सड़कों के पुनर्स्थापन के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और दुरुस्तीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

ग्रामीण फोटो-वीडियो भेजकर कर सकेंगे शिकायत

यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क अभी तक दुरुस्त नहीं हुई है, तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से सड़क की स्थिति की फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से संज्ञान लेकर सड़क के दुरुस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से भी की जा रही है। इसके लिए ग्रामीण अपने मोबाइल में जल सारथी ऐप इंस्टॉल कर सकते हैं। ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प पर जाकर अपना नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करना होगा। इसके बाद सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो एवं वीडियो अपलोड किए जा सकते हैं।

जल सारथी ऐप: ऐप इंस्टॉल करें

टोल-फ्री नंबर पर भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत

जल निगम की पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 18001212164, जल समाधान ऐप सहित विभिन्न माध्यम उपलब्ध हैं। इन माध्यमों से सड़क से संबंधित शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। हालांकि, रोड रेस्टोरेशन अभियान के मद्देनजर जल सारथी ऐप पर सड़क पुनर्स्थापना को लेकर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अधिशासी अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद अधिकांश सड़कों का पुनर्स्थापन कराया जा चुका है। शेष सड़कों के लिए प्रदेशभर में एक साथ अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत सड़क पुनर्स्थापना का कार्य तेजी से कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page