पिस्टल हाथ में लेकर युवक ने बनाई रील, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी
हाथरस 30 सितम्बर। इंटरनेट मीडिया पर पिस्टल हाथ में लेकर रील बनाते एक युवक का वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल हो रहा वीडियो हाथरस का बताया जा रहा है। वीडियो ‘सनी’ नाम की आईडी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। प्रसारित वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर नजर आ रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसे भय और दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से पोस्ट किया गया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं और वीडियो कब तथा कहां बनाया गया, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद थाना हाथरस गेट पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ ही उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक कौन है और उसके हाथ में मौजूद पिस्टल वास्तविक है अथवा कोई अन्य वस्तु। फिलहाल सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।











