Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 सितम्बर। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से कार्यरत एकमतेज फाउंडेशन ने सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा कर लिया। इस अवसर पर नोएडा में फाउंडेशन की प्रथम वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्षभर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, पहलवानों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभाओं को पुरस्कार, प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता महेंद्र सिंह आचार्य ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं और विशिष्ट व्यक्तियों का पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में हरिकेश पहलवान, केशव देव उर्फ शेरू, चित्रकार हाथरसी भेद प्रकाश सिंह, संस्था के प्रथम ट्रस्टी धर्मवीर सिंह गंधार और शिक्षक ईश्वर चंद्र सहित खेलकूद, शिक्षा, कला एवं अन्य क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले युवा शामिल रहे। फाउंडेशन के संस्थापक चौधरी तेजवीर सिंह एवं शकील खान ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ऐसे छात्र-छात्राएं, जो संसाधनों के अभाव में शिक्षा जारी नहीं रख पा रहे हैं, उन्हें छात्रवृत्ति के माध्यम से सहयोग देने के साथ स्कूल-कॉलेजों में स्मार्ट क्लास स्थापित करने और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने अपने पहले वर्ष में करीब 70 लाख रुपये विभिन्न सामाजिक एवं प्रतिभा प्रोत्साहन कार्यों पर खर्च किए हैं। उनके अनुसार यह राशि व्यक्तिगत स्तर पर खर्च की गई और इसके लिए किसी व्यक्ति से एक रुपया भी नहीं लिया गया। समारोह में जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी, डॉ. ज्वाला सिंह, देवेंद्र गौतम, अजहरुद्दीन फौजी, योगवीर सिंह, राम चरण सिंह सहित अनेक विशिष्टजन मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सम्मानित प्रतिभाओं और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page