Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 30 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को ब्लॉक सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर ब्लॉक क्षेत्र के सभी सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह से पहले सफाईकर्मियों ने पूरे ब्लॉक परिसर और उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सफाईकर्मियों ने ब्लॉक कार्यालय की छतों और सीढ़ियों पर चढ़कर वहां लंबे समय से उगी घास और झाड़ियों को काटकर साफ किया। बताया गया कि ब्लॉक कार्यालय की छतों पर लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा हुआ था। घास और झाड़ियों के साथ जमा कचरे के कारण बरसात के दौरान छतों में सीलन आने के साथ कई स्थानों पर पानी टपकने की समस्या भी बनी रहती थी। सफाईकर्मियों ने छतों पर पहुंचकर पूरी तरह सफाई की, जिसके बाद ब्लॉक परिसर का स्वरूप काफी साफ-सुथरा नजर आया। सफाई अभियान के बाद एडीओ पंचायत अनिल उपाध्याय ने सभी सफाईकर्मियों को पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सफाईकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाईकर्मियों द्वारा किए गए कार्य से अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।

एडीओ पंचायत ने सफाईकर्मियों को 1 अक्टूबर से गांवों में चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम अब समाप्ति की ओर है, ऐसे में गांवों की गलियों और नालियों के आसपास उगी झाड़ियों को पूरी तरह काटकर साफ किया जाए। जहां पानी का भराव है, वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के साथ ही आवश्यक स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जाए, ताकि मच्छरों के पनपने और संचारी रोगों के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने सफाईकर्मियों से गांवों में नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर अनीस खान, मुकेश गौतम, बंशीवाला, अनुरुद्ध एवं विजय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page