हाथरस 30 सितम्बर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन में जनसुनवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का मुआयना करते हुए शिकायतकर्ता की समस्या का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता दर्शन में जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा जा रहा है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की सीधे निगरानी की जा सके। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों से शिकायत के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई और प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान कराया जाए। उन्होंने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या को समझकर उसका स्थायी और प्रभावी समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण के बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में कार्रवाई से संतुष्ट है और उसकी समस्या का समाधान हुआ है। विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों का समय रहते समाधान किया जा सके और अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











