हाथरस 30 सितम्बर। जनपद में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को विभिन्न खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रातः 8:30 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने स्टेडियम के विभिन्न खेल मैदानों, जिम, बैडमिंटन कोर्ट, शूटिंग रेंज समेत निर्माणाधीन खेल सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पूरे स्टेडियम परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित खेल गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम में क्रीड़ा अधिकारी सहित तीन प्रशिक्षक तैनात हैं, जो एथलेटिक्स, जूडो, वेटलिफ्टिंग और फुटबॉल के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा स्टेडियम में जिम संचालित है तथा तीन बैडमिंटन कोर्ट भी खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच को शीघ्र तैयार कराकर शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि क्रिकेट खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास की सुविधा मिल सके। उन्होंने मैदान में आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाकर समतलीकरण कराने, ग्रास कटिंग कराने तथा हाई जंप और लॉन्ग जंप के निर्धारित स्थानों पर उचित मिट्टी की व्यवस्था कर खिलाड़ियों को अभ्यास की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि स्टेडियम में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए और खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने स्टेडियम में निर्माणाधीन वॉलीबॉल, लॉन टेनिस और बास्केटबॉल कोर्ट की प्रगति की भी जानकारी ली। इसके साथ ही निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उपकरण प्राप्त होते ही इसे शीघ्र संचालित कराया जाए, ताकि शूटिंग में रुचि रखने वाले युवाओं को भी प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से भी संवाद किया और उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी ली। खिलाड़ियों ने बताया कि वे सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास करने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को उनमें प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण जरिया है। ऐसे में स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से खेल मैदानों एवं अन्य सुविधाओं की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस एवं मुरसान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











