
हाथरस 30 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत निर्धारित थीम “स्वच्छता ही सेवा-2026” के अंतर्गत जनपद में चलाए जा रहे 157 घंटे के सतत महासफाई अभियान को गति देते हुए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं सफाई की कमान संभाली और श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने स्वयं फावड़ा उठाकर साफ-सफाई की। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र सहित कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी परिसर और अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई की। अधिकारियों को श्रमदान करते देख कर्मचारियों में भी उत्साह नजर आया और सभी ने अभियान में सक्रिय भागीदारी की। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग, संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के साथ-साथ कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
महासफाई अभियान के दौरान सरकारी कार्यालयों और परिसरों में झाड़ू लगाने, कूड़ा-कचरा हटाने, अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री को व्यवस्थित करने तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का कार्य किया गया। अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है, जब इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो। अभियान के दौरान कार्यालयों के आसपास जमा कचरे और अनावश्यक सामग्री को हटाकर परिसर को व्यवस्थित किया गया तथा कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यालय परिसरों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करें और स्वच्छता अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों को भी स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यालय परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की भावना को आगे भी जारी रखने और स्वच्छता को दैनिक कार्यशैली में शामिल करने पर जोर दिया। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुरसान, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित कलेक्ट्रेट और विकास भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक श्रमदान के साथ आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।










