Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 29 सितम्बर। विश्व हृदय दिवस (World Heart Day) के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकन्दराराऊ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष वर्ल्ड हार्ट डे की थीम “Don’t Miss a Beat” रही। कार्यक्रम का आयोजन सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके वर्मा, काउंसलर आदित्य कुमार एवं स्वास्थ्य केंद्र के अन्य स्टाफ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में आने वाले लाभार्थियों एवं आमजन को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने हृदयाघात के संभावित लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सीने में दर्द या दबाव, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी, चक्कर या बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय गंवाए बिना चिकित्सकीय सहायता लेना महत्वपूर्ण है। लाभार्थियों को हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव नियंत्रण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी बताया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अपने हृदय के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की। इस दौरान सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के बारे में भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि किसी व्यक्ति के अचानक बेहोश होने और सांस या धड़कन रुकने की स्थिति में समय पर सीपीआर देना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। लोगों को आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लेने के साथ-साथ प्राथमिक स्तर पर की जाने वाली आवश्यक प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को संदेश दिया कि हृदय से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार गंभीर स्थिति से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में सीएचसी का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page