Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (पुरदिलनगर) 28 सितम्बर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर, पुरदिलनगर में ‘नमामि भारत–वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन से विद्यालय परिसर राष्ट्रभावना से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पुरदिलनगर के संघ चालक श्री राधेश्याम चैचाणी ने की, जबकि मुख्य वक्ता जिला निरीक्षक, हाथरस श्री यशपाल रहे। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्य वक्ता श्री यशपाल ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, सेवा एवं सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। अध्यक्ष श्री राधेश्याम चैचाणी ने कहा कि देश की उन्नति के लिए नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सम्मान, संस्कार एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान से संबंधित जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष श्री आनंद गोला, प्रबंधक श्री राजेश कुमार चैचाणी, कोषाध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र आर्य, समिति सदस्य श्री राजेंद्र प्रकाश गुप्ता, पत्रकार श्री विजय प्रकाश शर्मा, श्री पुष्पकांत शर्मा, श्री हरी गोयल एवं प्रधानाचार्य श्री हरीशंकर शर्मा सहित विद्यालय के समस्त आचार्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, गौरव एवं उन्नति के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page