Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 सितम्बर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित के साथ आगरा रोड स्थित नगला भुस के निकट अशर्फी ग्रामोद्योग संस्थान, छर्रा, अलीगढ़ द्वारा संचालित आवासीय वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें फल एवं तुलसी की माला वितरित की। उन्होंने वृद्धाश्रम के शयनकक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां निवासरत वृद्धजनों से उनके मूल निवास स्थान, आश्रम में रहने की अवधि तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने भोजन, आवास, सोने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के समय से उपलब्ध होने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। वृद्धजनों ने बताया कि उन्हें भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं और उन्हें किसी प्रकार की विशेष समस्या नहीं है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वृद्धाश्रम में वर्तमान में 68 वृद्धजन निवासरत हैं, जिनमें 36 पुरुष एवं 32 महिलाएं शामिल हैं। वृद्धजनों को निर्धारित मैन्यू के अनुसार प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है। संस्था द्वारा वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है तथा जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नियमानुसार अनुदान प्रदान किया जाता है। आश्रम की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 14 कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा वृद्धाश्रम में वाटर कूलर, वॉशिंग मशीन, जनरेटर, इन्वर्टर, कूलर एवं गीजर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखते हुए आश्रम में साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं नियमित रूप से बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page