Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के क्रम में जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत विशेष पंजीकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पंजीकृत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का योजना के लिए पंजीकरण किया। योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा कन्या जन्म को प्रोत्साहित करना है। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत सांसद अनूप प्रधान ने आंगनबाड़ी केंद्र महमूदपुर बरसे में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। सांसद ने गर्भवती महिलाओं से गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का नियमित गृह भ्रमण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेने तथा आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा। इस अवसर पर सांसद ने पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं एवं प्रयासों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुपोषित परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कुपोषण के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करने और सशक्त, स्वस्थ एवं सुपोषित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page