Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 सितम्बर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस के सभागार में नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित के कार्यभार ग्रहण करने पर मुख्य प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। स्वागत संबोधन में मुख्य प्रबंधक ने क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंक की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों के साथ बैंक के व्यवसाय, ऋण वितरण, ऋण वसूली, एनपीए नियंत्रण, जमा संवर्धन, ग्राहक सेवा एवं डिजिटल बैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने ग्राहक सेवा को और प्रभावी बनाने, व्यवसायिक वृद्धि में तेजी लाने तथा सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद नवागत क्षेत्रीय प्रबंधक ने शाखा प्रबंधकों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण, प्रभावी ऋण वसूली, एनपीए में निरंतर कमी, जमा वृद्धि तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का विस्तार वर्तमान समय की प्राथमिक आवश्यकताएं हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहक सेवा ही बैंक की सबसे बड़ी पहचान है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने टीम भावना, अनुशासित कार्यसंस्कृति और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्व प्राप्त करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान एनपीए नियंत्रण, ऋण वसूली एवं जमा संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाओं और उनके शाखा प्रबंधकों की प्रशंसा की गई। साथ ही अन्य शाखाओं को भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए बैंक की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप मोहन दीक्षित ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे उत्कृष्ट ग्राहक सेवा, समर्पित कार्यशैली और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सितंबर 2026 के साथ-साथ मार्च 2027 तक निर्धारित सभी व्यावसायिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक को नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर करने और क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page