सासनी 24 सितम्बर। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव हाशिमपुर से 16 वर्षीय किशोर के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर घर से मडराक स्थित अस्पताल जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने परिचितों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। गांव हाशिमपुर निवासी जगदीश प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा सागर 22 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर से मडराक स्थित ब्राट अस्पताल जाने के लिए निकला था। उसके पास दो सिम वाला मोबाइल फोन भी था। पिता के अनुसार, घर से निकलने के कुछ देर बाद दोपहर करीब 12 बजे जब परिजनों ने सागर के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। शाम तक जब किशोर घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने परिचितों, रिश्तेदारों और दोस्तों से उसके बारे में जानकारी की और संभावित स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। किशोर के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से सागर को जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।





