
हाथरस 24 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज के उपलक्ष्य में वर्ल्ड बुडो शोटोर्यू कराटे महासंघ के बैनर तले सातवीं श्री दाऊजी ओपन कराटे कप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें हाथरस सहित आगरा, मथुरा, टूंडला और अलीगढ़ के विभिन्न विद्यालयों से करीब 100 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता कुंवर रत्नेश रत्न ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन लाने के साथ आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो खिलाड़ी इस बार जीत नहीं सके, उन्हें निराश होने के बजाय अपनी कमियों पर काम करते हुए और अधिक मेहनत करनी चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनुराग अग्निहोत्री एडवोकेट तथा उप जिला क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव मौजूद रहे, जबकि संचालन पूर्व डीजीसी क्रिमिनल एडवोकेट वतन सिंह ने किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह भैयाजी, जिला पंचायत सदस्य प्रभा सिंह, अश्वनी सिंह, एडवोकेट रतन सिंह तथा महासंघ के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान एमएस सामुराई ने संयुक्त रूप से विजयी खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। अतिथियों को भी स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विनायक इंटरनेशनल स्कूल, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, कन्या गुरुकुल महाविद्यालय, सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज, अलीगढ़ के आरसीएमडी इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में हार्दिक कुमार, ग्रेटा सिंह, प्रांजली पाठक, मंजुल, चारवी, आदित्य, अनंत, लक्ष्मी, राशि और गगन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। वहीं अरमान, खुशी, अंशिका, प्रज्ञान सिंह, प्राची, रोशनी, हर्ष अग्रवाल, अवियान, श्रुति, रिया और भारती ने रजत पदक हासिल किए। नवीन, अभिशा, अदिति और अभय प्रताप सिंह ने कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान रेफरी पैनल के चीफ नितिन सोलंकी, विजेंद्र माहौर, रूबी कुमारी, जज हिमेश डेविड, विशाल ढकराल, सुबह सिंह, दीपक राज और सलमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन ने बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर कराटे खेल को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।





