
हाथरस 24 सितम्बर। विधान परिषद (एमएलसी) के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हाथरस जिले की नई मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिले की हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ विधानसभाओं को मिलाकर कुल 15,245 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 12,738 स्नातक और 2,507 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में 14 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। छह जनवरी को प्रकाशित सूची में स्नातक मतदाताओं की संख्या 12,652 थी, जिसमें अब 86 नए नाम जोड़े गए हैं, जबकि 399 नामों में संशोधन किया गया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल आठ मतदेय स्थल बनाए गए हैं और शिक्षक मतदाताओं की संख्या 2,507 है। इस दौरान शिक्षक मतदाता सूची में 109 त्रुटिपूर्ण नामों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी की गई है। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि एमएलसी चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार कर ली गई है, बूथों का निर्धारण किया जा चुका है और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।




