सिकन्दराराऊ 21 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एटा रोड पर रतिभानपुर और फुलरई गांव के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से हाथरस से सिकंदराराऊ होते हुए एटा स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान विवेक निवासी बुधु नगला हेमराज, थाना हाथरस गेट के रूप में हुई है। उसका साथी राहुल भी इसी गांव का रहने वाला है। बताया गया कि दोनों रविवार देर रात मोटरसाइकिल से एटा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रतिभानपुर और फुलरई गांव के बीच एटा रोड स्थित हाईवे पर पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई।
साथी की हालत गंभीर, अलीगढ़ रेफर
हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे अथॉरिटी की 1033 एंबुलेंस की मदद से घायल राहुल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तीन महीने पहले हुई थी विवेक की शादी
हादसे की जानकारी मिलने पर विवेक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, विवेक की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। वह होटल में काम करता था। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने विवेक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।










