Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 21 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव महामई सलावत नगर में अपनी बहन की ससुराल आए एक युवक से दो बाइक सवार युवक गुमराह कर मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने बाइक सवारों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। मामले में पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एटा के सकरौली निवासी विकास शर्मा अपनी बहन की ससुराल अलीगढ़ रोड स्थित गांव महामई सलावत नगर आए थे। 14 सितंबर की शाम करीब सात बजे खाना खाने के बाद वह गांव के जंगल की ओर टहलने के लिए चले गए। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचे और लाडपुर गांव जाने का रास्ता पूछने लगे। विकास ने रास्ता बताने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला और गूगल मैप पर लाडपुर गांव सर्च करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और बाइक से फरार हो गए। मोबाइल छीनकर भाग रहे युवकों का विकास ने कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेजी से भाग निकले और उनकी पकड़ में नहीं आ सके। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। विकास की तहरीर पर पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस बाइक सवार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page