हाथरस (मुरसान) 21 सितम्बर। राष्ट्रीय लोकदल की ओर से सोमवार को मुरसान के जीएसएएस इंटर कॉलेज मैदान से सात दिवसीय ‘स्वाभिमान सम्मान पदयात्रा एवं समरसता अभियान’ का शुभारंभ किया गया। पदयात्रा को लेकर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी पहुंचे। भीषण गर्मी के बावजूद मैदान में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने, गांव-गांव पहुंचकर जनसंवाद करने और सामाजिक समरसता का संदेश देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में रालोद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष केसी त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. यशपाल बघेल, संसदीय बोर्ड सदस्य चंद्रबली यादव, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया, जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह ने की। पदयात्रा के शुभारंभ से पहले आर्यन पेशवा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा महेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रथम दिन की पदयात्रा शुरू की गई। कार्यक्रम स्थल पर केसी त्यागी और ऐश्वर्य राज सिंह का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और रालोद के प्रतीकात्मक साफे से स्वागत किया। इस दौरान पदयात्रा के लिए तैयार रालोद गणवेश टी-शर्ट का विमोचन भी किया गया।
गांव-गांव पहुंचकर होगा जनसंवाद
सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया ने कहा कि मुरसान से शुरू हुआ पदयात्रा का कारवां सादाबाद और सहपऊ क्षेत्र के गांवों तक पहुंचेगा। कार्यकर्ता गांवों में रुककर ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह ने कहा कि सात दिनों तक चलने वाले अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
दिन में पदयात्रा, शाम को चौपाल
अभियान के दौरान दिन में पदयात्रा और शाम को संबंधित गांवों में चौपाल आयोजित की जाएगी। चौपाल में ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं, सुझावों और मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। रात्रि प्रवास के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरेंद्र चौधरी, पूर्व प्रमुख बहादुर सिंह, ब्लॉक प्रमुख पति यथार्थ चौधरी, उद्योगपति ओमवीर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर चौहान, जिला पंचायत सदस्य किशन चौधरी, टीम आरएलडी संयोजक सुआ पहलवान, जिला पंचायत सदस्य उम्मेद प्रधान, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार गुड्डू, प्रवीण पूनिया, युवा जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष कप्तान खान, एससी-एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष विवेक वाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष राम नारायण वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
27 सितंबर को करील में होगा समापन
रालोद का सात दिवसीय ‘स्वाभिमान सम्मान पदयात्रा एवं समरसता अभियान’ 21 सितंबर से शुरू होकर 27 सितंबर तक चलेगा। अभियान के दौरान सादाबाद और सहपऊ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पदयात्रा और चौपाल के माध्यम से जनसंवाद किया जाएगा। इसका समापन 27 सितंबर को करील गांव में होगा। रालोद नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को गांव-गांव सक्रिय करने के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना है।