Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत श्री जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज, मीतई में आज ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सौरभ शर्मा, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य और उस समय तक भारत के संभावित विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सौरभ शर्मा ने कहा कि देश के विकास में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने चित्रों, रंगोली और भाषणों के माध्यम से भारत के विकास, देशभक्ति और भविष्य के भारत की कल्पना को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर गौरव रावत, नरेंद्र तिवारी, संतोष चौहान, विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.पी. यादव, अरुण शर्मा, उमेश छौंकर, डोली शर्मा, पूनम शर्मा सहित विद्यालय के अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page