Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 20 सितम्बर। सिकन्दराराऊ क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने अपने देवर पर छेड़छाड़ तथा पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उसका निकाह 12 जून 2026 को सिकंदराराऊ स्थित तरुण वैली गेस्ट हाउस में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि मायके पक्ष ने निकाह में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, बाइक और करीब आठ तोले सोने के आभूषण सहित अन्य स्त्रीधन दिया गया था। विवाहिता का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और पति, ससुर, दो देवर तथा ननद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे ताने देकर प्रताड़ित करने लगे। तहरीर में विवाहिता ने आरोप लगाया कि 15 जून को वह मायके पहुंची और परिजनों को ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना की जानकारी दी। परिजनों ने समझाकर उसे वापस ससुराल भेज दिया। आरोप है कि पांच जुलाई की रात करीब आठ बजे उसका एक देवर कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। इसके बाद 12 जुलाई की रात भी कथित रूप से इसी तरह की घटना हुई। पीड़िता ने इस दौरान पति, ससुर समेत अन्य ससुरालियों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि घटना के बाद वह अपने पिता के साथ थाना सिकंदराराऊ पहुंची, जहां से उसे महिला थाना जाने के लिए कहा गया। इसके बाद उसने महिला थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page