Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 20 सितम्बर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, दौरे के दौरान उनका फोकस संगठन की जमीनी तैयारियों, बूथ स्तर की सक्रियता और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद पर रहेगा। नितिन नबीन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे, जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों, विधायकों और पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा वह करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संवाद करेंगे। इन बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पहले प्रदेश संगठन में भी बदलाव किए गए हैं। हाल ही में पश्चिमी क्षेत्र के सांगठनिक जिलों के लिए नए प्रभारियों की घोषणा की गई है। ऐसे में नबीन का दौरा नए संगठनात्मक ढांचे की सक्रियता और जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों की समीक्षा के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नबीन सहारनपुर पहुंचेंगे। यहां मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद पार्टी के वर्तमान पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी। साथ ही पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व पदाधिकारियों से भी संवाद प्रस्तावित है। इससे संगठन के पुराने अनुभव और वर्तमान टीम के बीच संवाद का अवसर मिलेगा। भाजपा के इस दौरे के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की बूथ से लेकर जिला स्तर तक की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी की ओर से अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page