सिकन्दराराऊ 17 सितम्बर। सिकन्दराराऊ–हाथरस मार्ग पर नहर के समीप नगला विजन–हसायन जाने वाले कट को हाईवे निर्माणकर्ता कंपनी GRIL द्वारा स्थायी डिवाइडर लगाकर बंद किए जाने की कवायद से स्थानीय किसान, व्यापारी और उद्योग संचालक चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कट बंद करने के बाद आगे यू-टर्न लेकर वापस आने के लिए जो मोड़ प्रस्तावित किया जा रहा है, वह काफी छोटा और तीव्र है। ऐसे में इस मार्ग से नियमित रूप से गुजरने वाले बड़े मालवाहक वाहनों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। स्थानीय व्यापारियों और उद्योग संचालकों के अनुसार नगला विजन कट से हसायन और आसपास के क्षेत्रों में ट्राला, हाइवा, मालवाहक ट्रक और करीब 55 फीट तक लंबे वाहन आते-जाते हैं। क्षेत्र में खस एवं इत्र की फैक्ट्रियों, ईंट भट्ठों, बिल्डिंग मैटेरियल और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। क्षेत्र में करीब 20 ईंट भट्ठे संचालित होने की बात भी कही जा रही है, जहां कोयले, ईंट, तूरी सहित अन्य सामग्री के बड़े वाहन पहुंचते हैं। इसके अलावा बालू, चंबल, गिट्टी, सीमेंट और सरिया जैसी निर्माण सामग्री ढोने वाले वाहनों का भी इस मार्ग पर नियमित आवागमन रहता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि कट को पूरी तरह बंद कर छोटे और तीखे मोड़ की व्यवस्था की गई तो बड़े वाहनों का हसायन की ओर जाना मुश्किल हो सकता है। इसका असर स्थानीय उद्योग और व्यापार के साथ किसानों पर भी पड़ने की आशंका है। किसानों को कृषि उत्पाद और अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नगला रति की ओर से हसायन बाजार के रास्ते बड़े वाहनों का आवागमन व्यावहारिक नहीं है, जबकि पुरदिलनगर रोड पर अंडरपास होने के कारण वहां से भी बड़े वाहनों के लिए उचित विकल्प सीमित हैं। व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने हाईवे निर्माणकर्ता कंपनी GRIL के अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यातायात सुरक्षा के लिहाज से कट में बदलाव जरूरी है तो ऐसा यू-टर्न या मोड़ बनाया जाए, जिसकी चौड़ाई और रेडियस 55 फीट तक लंबे ट्राला, हाइवा और अन्य भारी वाहनों के अनुरूप हो। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने से पहले स्थानीय किसानों, व्यापारियों और उद्योग संचालकों की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान किया जाए। क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से नगला विजन–हसायन कट को पूरी तरह बंद न करने अथवा बड़े वाहनों के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले से संचालित उद्योग-व्यापार और भविष्य के औद्योगिक विकास को देखते हुए बड़े वाहनों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था आवश्यक है।







