
हाथरस 17 सितम्बर। ब्रज के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के 115वें महोत्सव में अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का भव्य शुभारंभ हुआ। दंगल के शुभारंभ से पूर्व परंपरागत रूप से अखाड़ा अटल टाल बगीची से श्री हनुमान जी महाराज की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं और दंगल प्रेमियों ने पुष्प वर्षा कर दंगल कमेटी का जोरदार स्वागत किया। शोभायात्रा से पूर्व अखाड़ा अटल टाल बगीची में दंगल संयोजक पं. विपुल गौड़, दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, स्वागताध्यक्ष संदीप जादौन, सहयोगी सुभाष उपाध्याय एवं मुख्य व्यवस्थापक विकास भारद्वाज द्वारा श्री हनुमान जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद हनुमान जी महाराज की भव्य शोभायात्रा बैंड-बाजों के साथ प्रारंभ हुई।
शोभायात्रा गौशाला रोड, भूरापीर चौराहा, मेंडू गेट चौराहा, सर्क्यूलर रोड, सासनी गेट, क्रांति चौक, गुड़िहाई बाजार, नयागंज और जामा मस्जिद चौराहा होते हुए दंगल प्रांगण पहुंची। रथ पर विराजमान श्री हनुमान जी महाराज के दर्शन के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। बैंड-बाजों की धुन पर बज रहे भजनों के बीच भक्तजन झूमते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर दंगल संयोजक पं. विपुल गौड़, दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा एवं पूरी दंगल कमेटी का दंगल प्रेमियों द्वारा फूलमालाओं, पगड़ी और दुपट्टे पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कई स्थानों पर आतिशबाजी के साथ पुष्प वर्षा भी की गई। दंगल प्रांगण पहुंचने के बाद श्री हनुमान जी महाराज को विधिवत अखाड़े में विराजमान कराया गया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर भोग लगाया गया। दंगल की परंपरा से जुड़े उस्ताद एवं खलीफाओं का भी स्वागत और सम्मान किया गया।

बृजभूषण शरण सिंह ने फीता काटकर किया दंगल का शुभारंभ
इसके उपरांत अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का विधिवत उद्घाटन पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने अखाड़े में पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती की शुरुआत कराई। दंगल के पहले दिन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के महिला और पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच दिखाए। पहलवानों के बीच कुश्तियां अंकों एवं निर्धारित वजन वर्गों के अनुसार आयोजित की गईं। अखाड़े में पहलवानों के शानदार प्रदर्शन ने मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया। इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह के साथ सांसद अनूप प्रधान, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा तथा भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी का दंगल कमेटी की ओर से फूलों की विशाल माला पहनाकर स्वागत किया गया। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मानित भी किया गया। दंगल आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि श्री दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले में कुश्ती दंगल की परंपरा का विशेष महत्व है। हर वर्ष बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पहलवान इस आयोजन में भाग लेने पहुंचते हैं और दंगल प्रेमी भी बड़ी संख्या में अखाड़े में पहुंचकर कुश्ती का आनंद लेते हैं।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
इस मौके पर दंगल संयोजक विपुल गौड़, दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, सहयोगी सुभाष उपाध्याय, मुख्य व्यवस्थापक विकास भारद्वाज, दंगल मार्गदर्शक अशोक शर्मा, स्वागत अध्यक्ष संदीप जादौन, निर्देशक अजय शर्मा, सहसंयोजक रूपेश दीक्षित, गौरव रावत, सौरभ शर्मा, डॉ. कमल शर्मा, रानू ठाकुर, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, सह कोषाध्यक्ष उदित शर्मा, सह व्यवस्थापक सुग्रीव पंडित के अलावा पूर्व दंगल संयोजक बौ. प्रशांत शर्मा, बृजेश चौहान,डॉ. योगेंद्र सिंह गहलोत, सूर्य प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह पीलू, जय शर्मा, तरूण शर्मा,प्रवीन खंडेलवाल, सुमित शर्मा, गगन शर्मा, योगेश शर्मा, हिमांशु भारद्वाज, देवेंद्र ठाकुर, प्रतीक शर्मा, संजय टालीवाल, सारांश टालीवाल, अमित कुशवाहा,चाहत सिंघल ,अंकित गौड़, रजत चतुर्वेदी आदि मौजूद थे।








