Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्री दाऊजी महाराज मेला प्रांगण स्थित मेला पंडाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्योग विभाग द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत चयनित 10 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ब्रज शरद माहेश्वरी, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनें प्रदान कीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उद्देश्य परंपरागत एवं हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण, उपकरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। सिलाई मशीन मिलने से महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार में बदलने और परिवार की आय में योगदान देने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा जनपद की तीन अन्य तहसीलों में भी 38 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गई हैं। इस प्रकार जनपद में विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कुल 48 लाभार्थियों को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया है। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प में योगदान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अपना दल जिलाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख मुरसान, ब्लॉक प्रमुख हाथरस, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page