अलीगढ़ 17 सितम्बर। मंगलायतन विश्वविद्यालय में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण, विधिवत पूजा-पाठ और हवन के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया। यांत्रिकी अभियांत्रिकी विभाग, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी संकाय तथा विद्युत एवं अनुरक्षण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्रह्मपुत्र खंड स्थित केंद्रीय कार्यशाला में हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर कुलपति प्रो. पीके दशोरा, कुलसचिव कमांडर मनोज के अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया और हवन यज्ञ में आहुतियां दीं। कुलपति ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को तकनीकी कौशल, शिल्प और निर्माण का देवता माना जाता है। उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करना तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देता है। कार्यक्रम के लिए कार्यशाला में मशीनों और उपकरणों को व्यवस्थित रूप से सजाया गया। पूजा स्थल को भी आकर्षक ढंग से सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान तकनीकी विषयों की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ कार्य के प्रति अनुशासन, सावधानी और समर्पण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. महेश कुमार, प्रो. किशन पाल सिंह, प्रो. अनुराग शाक्य, प्रो. राजेश उपाध्याय, उप निदेशक (प्रशासन) गोपाल राजपूत, यांत्रिकी विभागाध्यक्ष डा. श्वेता भारद्वाज, डा. मोहन माहेश्वरी, जितेंद्र शर्मा आदि प्राध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।