Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जनपद हाथरस में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जिला महिला अस्पताल में 7 बेड के नवीन वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती महिलाओं को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नवीन वार्ड में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के सीजेरियन ऑपरेशन के बाद देखभाल एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद में प्रतिमाह गंभीर एनीमिया एवं अन्य कारणों से करीब 400 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया जाता है। इनमें लगभग 200 महिलाओं का उपचार दवाओं, आयरन सुक्रोज एवं एफसीएम इंजेक्शन आदि के माध्यम से किया जाता है, जबकि करीब 200 महिलाओं का प्रसव सीजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से कराया जाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिला महिला अस्पताल में प्रतिमाह करीब 30 से 35 सीजेरियन ऑपरेशन होते थे, लेकिन नए वार्ड के संचालन के बाद अस्पताल की क्षमता बढ़ने से प्रतिमाह लगभग 100 सीजेरियन ऑपरेशन किए जा सकेंगे। उद्घाटन के समय वार्ड में चार महिलाएं भर्ती थीं, जिनका सीजेरियन ऑपरेशन किया गया था। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वेद प्रकाश ने जनपद में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एक निश्चेतक की तैनाती किए जाने का अनुरोध मंत्री से किया, ताकि सीजेरियन ऑपरेशन की सुविधा का अधिक लाभ मरीजों को मिल सके।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में 50 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था, जबकि उद्घाटन के समय तक 12 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान किया जा चुका था। अधिकारियों ने बताया कि ब्लड बैंक में 825 यूनिट रक्त सुरक्षित रखने की क्षमता है और निर्धारित मानकों के अनुसार रक्त को सुरक्षित रखा जाता है। रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा। प्रभारी मंत्री ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण भी किया। पूर्व में इमरजेंसी में केवल 6 बेड की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब 18 बेड कर दिया गया है। इसके साथ ही मेडिकल स्टाफ के लिए अलग कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उनके उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वेद प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. सूर्य प्रकाश, डा. दिनेश एम. सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page