सिकन्दराराऊ (हसायन) 16 सितम्बर। हसायन कोतवाली क्षेत्र की जरैरा पुलिस चौकी के अंतर्गत गांव बाड़ी में आवास को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक परिवार ने पड़ोसियों पर रात के समय घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने बुधवार को दोबारा कोतवाली पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है और मामले में पूर्व में ही कार्रवाई करते हुए विपक्षियों को पाबंद किया जा चुका है। गांव बाड़ी निवासी राजेन्द्र सिंह पुत्र गंगाधर कोरी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 22 जून 2026 की रात करीब दो बजे उसके पड़ोस में रहने वाले तीन नामजद महिला-पुरुष उसके घर में घुस आए। तहरीर के अनुसार उस समय वह सो रहा था। आरोप है कि नामजद लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।
राजेन्द्र सिंह के अनुसार घटना के बाद मामले की शिकायत कोतवाली में की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार 16 सितंबर 2026 को पीड़ित पक्ष दोबारा शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने नई शिकायत लेने से यह कहते हुए मना कर दिया कि मामले में पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। पीड़ित पक्ष की महिला मीना देवी ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है और सरकार की आवास योजना के तहत उन्हें मकान मिला है। उनका आरोप है कि पड़ोसी उक्त मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी मकान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है और मामला एसडीएम सिकंदराराऊ के यहां भी विचाराधीन बताया गया है। महिला का आरोप है कि विवाद के चलते विपक्षी पक्ष द्वारा परिवार को आए दिन परेशान किया जाता है। इस संबंध में हसायन कोतवाली प्रभारी मनीष चिकारा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है और यह मामला उनकी तैनाती से पहले का है। उनके अनुसार विपक्षियों के खिलाफ पूर्व में कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष उसी पुराने मामले में अतिरिक्त आरोप जोड़कर तहरीर दे रहा था, इसलिए नई तहरीर पर अलग से कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के अनुसार मामले में पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है।










