Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 15 सितम्बर। सिकन्दराराऊकोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटकर कासगंज की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना नगला जलाल बिजलीघर के सामने कासगंज रोड सर्विस रोड की है। पीड़िता गुड्डी देवी पत्नी जयवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह अपनी नातिन के साथ खेतों की ओर से घर लौट रही थी। दोनों पैदल सर्विस रोड से घर की ओर आ रहे थे। घर से करीब 300 मीटर पहले पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और अचानक झपट्टा मारकर उनके कानों में पहने सोने के कुंडल छीन लिए।वारदात इतनी तेजी से हुई कि गुड्डी देवी बदमाशों को ठीक से देख भी नहीं सकीं। उन्होंने शोर मचाया तो उनका बेटा कुलदीप मौके पर पहुंचा। पीड़िता ने बेटे को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। महिला ने बताया कि बदमाश पीछे से आए थे, इसलिए वह उनके चेहरे नहीं देख पाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सिकंदराराऊ पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। ग्रामीणों का कहना है कि कासगंज रोड पर शाम के समय इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और पुलिस गश्त कम होने से बदमाशों को वारदात के बाद आसानी से फरार होने का मौका मिल जाता है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page