Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 सितम्बर। हाथरस रोड पर स्थित अन्नपूर्णा सेवा सदन में आज समाजवादी पार्टी ने पीडीए धनगर समाज सम्मेलन आयोजित किया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों से पाल, बघेल और धनगर समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और धनगर समाज के नेताओं ने सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर धनगर समाज के लोगों के धनगर प्रमाण पत्र बनवाने का काम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले भी प्रदेश के कुछ जिलों में धनगर समाज के लोगों के प्रमाण पत्र बनाए गए थे। अग्रवाल ने यह भी बताया कि उनके पिछले कार्यकाल में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा राजस्थान के दौसा में तैयार कराई गई थी और उसका भुगतान भी हो चुका है। उन्होंने कहा- अगर सरकार, प्रशासन या कोई और राजनीतिक दल इस प्रतिमा को सादाबाद में स्थापित कराना चाहता है, तो वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सादाबाद में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराने का भरोसा भी दिलाया। पूर्व विधायक ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें जिताने में धनगर समाज के लोगों की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने समाज के लोगों से अगले चुनाव में भी अपना आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की। देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात करती है। धनगर समाज के सामाजिक सम्मान और अधिकारों के लिए भी पार्टी स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। सम्मेलन को संयोजक राकेश बघेल, बनी सिंह बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज यादव, चौधरी भाजुद्दीन, रामनारायण काके, पूर्व अध्यक्ष देशराज सिंह, शिव कुमार, दीपक, विपिन यादव और वीरेंद्र कुशवाहा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जैनुद्दीन चौधरी ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पाल-बघेल-धनगर समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page