Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 सितम्बर। राया मार्ग पर ऊंचागांव से आगे राधास्वामी सत्संग भवन के पास सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे खड़े दो बाइक सवारों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और तीनों घायलों को सादाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, सादाबाद के गांव कुरसंडा निवासी रवि कुमार अपने गांव के सुभाष के साथ बाइक से गांव रसमई में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। राया मार्ग पर ऊंचागांव से आगे राधास्वामी सत्संग भवन के पास उनकी मुलाकात दूसरे बाइक सवार युवकों से हुई। दोनों बाइक सवार सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान राया की तरफ से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े दोनों बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल तीसरे युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही फरार वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page