Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 सितम्बर। कस्बे के सादाबाद इंटर कॉलेज में खेल अध्यक्ष ब्रजेश कुमार की देखरेख में बालिका कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यालय के शिवाजी हाउस, प्रताप हाउस, इंदिरा हाउस और लक्ष्मीबाई हाउस की टीमों ने उत्साह से हिस्सा लिया। छात्राओं ने मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 12 सितंबर को शिवाजी हाउस और लक्ष्मीबाई हाउस की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने जीतने के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। इस रोमांचक मुकाबले में शिवाजी हाउस की टीम ने बेहतर तालमेल और खेल दिखाते हुए पहला स्थान जीता। वहीं, लक्ष्मीबाई हाउस की टीम दूसरे स्थान पर रही। फाइनल मुकाबले के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विजेता और उपविजेता टीम की छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक क्षमता को मजबूत नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मोहम्मद इमरान, मोहम्मद शादाब, संजय पाल सिंह, कपिल गुप्ता, नाजिया हिना और शिखा शर्मा समेत विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का काफी सहयोग मिला। विजेता टीम की छात्राओं ने जीत के बाद खुशी जताई और इसे अपनी मेहनत व टीमवर्क का नतीजा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page