
सादाबाद 12 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हुलासी में शनिवार को मकान धंसने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबी महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे में मकान मालिक भी घायल बताया गया है।
अचानक धंस गया मकान, मलबे में दब गई महिला
जानकारी के अनुसार, गांव गढ़ी हुलासी निवासी कप्तान सिंह पुत्र टोडर सिंह के मकान में अचानक धंसाव हो गया। हादसे के दौरान शशि देवी पत्नी गिरिराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मकान धंसने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायल महिला को मलबे से बाहर निकाला।
गंभीर हालत में उपचार के लिए भेजा
हादसे में घायल शशि देवी को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। महिला के शरीर पर काफी चोटें आई हैं। वहीं मकान मालिक कप्तान सिंह के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।







