हाथरस 12 सितम्बर। आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को शिक्षामित्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अनुरोध पत्र सौंपा। प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिलाध्यक्ष हाथरस ब्रजेश वशिष्ठ के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने यह अनुरोध पत्र प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति में खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) श्रीमती शशिवाला को सौंपा। शिक्षामित्र शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद से ही बीएसए कार्यालय पर एकत्रित होना शुरू हो गए थे। अनुरोध पत्र सौंपने से पूर्व शिक्षामित्रों ने नियमितीकरण न किए जाने तथा विशेष टीईटी परीक्षा में शिक्षामित्रों को शामिल न किए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि उनकी सेवाओं को स्थायी करने के लिए सेवा नियमावली बनाई जाए तथा उनका सेवाकाल 62 वर्ष निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की मांग भी उठाई गई।
शिक्षामित्रों के अनुसार अंत:जनपदीय स्थानांतरण (मूल विद्यालय वापसी) के संबंध में शासनादेश 03 जनवरी 2025 तथा विभागीय क्रियान्वयन आदेश 12 जून 2025 को जारी किए जा चुके हैं, लेकिन जनपद स्तर पर प्रक्रिया में कथित रूप से लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने अंत:जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के साथ-साथ अंतर्जनपदीय स्थानांतरण में महिला शिक्षामित्रों को उनके ससुराल वाले जनपद में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया भी जल्द पूर्ण कराने की मांग की। इसके अलावा शिक्षामित्रों ने चिकित्सकीय अवकाश की सुविधा अनुमन्य किए जाने के लिए भी आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। शिक्षामित्रों ने कहा कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द निर्णय लिया जाए।
दिवंगत शिक्षामित्र को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विद्यालय गंगापुर, हसायन के शिक्षामित्र केशवदेव के असामयिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित शिक्षामित्रों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस दौरान निरंजन सिंह, राजकमल शर्मा, प्रमोद सेंगर, मुकेश सेंगर, विजय कुमार, अंजली शर्मा, जूही शर्मा, पूनम शर्मा, राखी पुष्कर, मीना देवी, रानी शर्मा, देवी, गीता देवी, योगेश कुमारी, सावित्री यादव, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, गौरीशंकर कुशवाह, तोताराम उपाध्याय, विनय सेंगर, दक्ष कुमार सेंगर, रक्षपाल सिंह, मुकेश उपाध्याय, त्रिवेंद्र कुमार सिंह, नरेंद्र गौतम, हरिमोहन पाठक, राजुद्दीन, नरेंद्र कुमार, प्रेम सिंह, विनोद कुमार, गंगाशरण, रामेश्वर, जितेंद्र सिंह मदनावत, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।







