
सादाबाद (सहपऊ) 11 सितम्बर। थाना क्षेत्र के गांव वागपुर निवासी कादर खां ने राजेश, विकास समेत पांच लोगों पर हिसाब के बहाने बुलाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कादर खां पुत्र सफीम मोहम्मद ने बताया कि आठ सितंबर की शाम गांव के राजेश निवासी थरौरा और विकास निवासी कुकरगांव तीन अज्ञात लोगों के साथ उसके गांव पहुंचे। आरोप है कि उसे हिसाब करने के बहाने बुलाया गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। कादर खां के अनुसार राजेश उसकी बाइक की किस्त जमा कराने के लिए 23 हजार रुपये ले गया था, लेकिन किस्त जमा नहीं की। इस संबंध में उसने थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राजेश ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उसे हिसाब करने के बहाने करकौली ले जाया गया और रास्ते में भी मारपीट की गई। पत्नी उसे बचाने के लिए पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट करने का आरोप है। इस दौरान करकौली निवासी रामवीर त्यागी और सोदान सिंह ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। कादर खां के मुताबिक जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।







