Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 सितम्बर। शहर में बिजली ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर फ्यूज चोरी करने वाले एक शातिर चोर ने बिजली विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह चोर साइकिल से आता है और दिनदहाड़े ट्रांसफॉर्मर में लगे कॉपर के फ्यूज चोरी कर फरार हो जाता है। फ्यूज चोरी होने के बाद संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामला उस समय सामने आया जब आगरा रोड स्थित शिव कॉलोनी की भट्टा वाली गली में बिजली गुल होने पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को शिकायत की। सूचना पर विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफॉर्मर की जांच की तो उसमें लगे कॉपर के फ्यूज गायब मिले। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साइकिल से आया एक व्यक्ति ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंचकर फ्यूज चोरी करता हुआ नजर आया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ। बिजली विभाग ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान करता है तो इसकी जानकारी विभाग को दें। विभाग की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोर की पहचान और कार्रवाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े ट्रांसफॉर्मर से फ्यूज चोरी की घटनाओं ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page