
हाथरस 11 सितम्बर। कोतवाली सदर क्षेत्र के गिजरौली में एक महिला के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गिजरौली निवासी पुष्पा देवी ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुष्पा देवी के अनुसार शुक्रवार सुबह वह अपने घर से बाहर निकली थीं। आरोप है कि इसी दौरान चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी काफी समय से उसे परेशान कर रहे हैं और उसके बच्चों को किसी गंभीर अपराध में झूठा फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। इस धमकी से परिवार में भय का माहौल है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद और हाथापाई की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर गांव में चर्चा तेज हो गई। सीओ हिमांश माथुर ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। संबंधित चौकी प्रभारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







