Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 सितम्बर । सदर कोतवाली क्षेत्र के गोशाला रोड स्थित बेनीराम बाग के पास गुरुवार देर रात करीब 11 बजे कपड़े की फैक्ट्री में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एमटीसी कपड़ा शोरूम और उसकी ऊपरी मंजिल पर संचालित रेडीमेड कपड़ा फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। फैक्ट्री भाजपा के जिला कार्यालय के ठीक पीछे स्थित बताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए करीब सात घंटे तक दमकल विभाग की टीमें जुटी रहीं। हाथरस के अलावा सिकंदराराऊ, सासनी और सादाबाद से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं। करीब 20 दमकल वाहनों की मदद से आज सुबह लगभग छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के चक्की बाजार निवासी रानू गुप्ता की गोशाला रोड स्थित बेनीराम बाग के पास कपड़े की फैक्ट्री है। गुरुवार रात फैक्ट्री को बंद करने के करीब एक घंटे बाद वहां अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। शुरुआती दौर में आग धीरे-धीरे सुलगती रही, लेकिन करीब आधे घंटे बाद अचानक लपटें तेज हो गईं और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना फैक्ट्री स्वामी को मिली तो उन्होंने तत्काल फायर स्टेशन को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान ऊपरी मंजिल से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देखकर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को आशंका होने लगी कि कहीं आग आसपास के मकानों तक न पहुंच जाए। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकल कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती संकरे रास्ते और ऊपरी मंजिल पर लगी आग को बुझाना था। फैक्ट्री में कपड़ा और रेडीमेड माल बड़ी मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलती रही। दमकल की टीमों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

गर्मी से पटाखों की तरह टूटे शीशे

आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री में लगे शीशे अत्यधिक गर्मी के कारण चटककर पटाखों की तरह टूटने लगे। शीशे टूटने की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि इसके बाद भी दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग दोबारा न भड़क उठे, इसके लिए काफी देर तक निगरानी और कूलिंग का काम किया।

तैयार माल, मशीनें और कच्चा कपड़ा जलकर राख

फैक्ट्री की प्रोपराइटर रानू गुप्ता के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। आग में फैक्ट्री में रखा तैयार कपड़ा, मशीनें और बड़ी मात्रा में कच्चा कपड़ा जलकर राख हो गया। उन्होंने आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ। फैक्ट्री और शोरूम बंद थे तथा वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके चलते आग की इस बड़ी घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page