
सासनी 11 सितम्बर। रेलवे रोड बजरिया निवासी एक अधिवक्ता के घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने वाले आरोपित को स्वजन ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान गांव ऊतरा निवासी आशू उर्फ आशीष दीक्षित के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। अधिवक्ता ध्रुव वार्ष्णेय दिल्ली हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। उनके घर पर उनकी बुजुर्ग मां डौली वार्ष्णेय और पिता विमल वार्ष्णेय रहते हैं। तहरीर के अनुसार नौ सितंबर की शाम डौली वार्ष्णेय घर पर अकेली थीं और बाथरूम में गई थीं। इसी दौरान एक युवक घर में घुस आया और सोफे पर रखा मोबाइल चोरी कर ले गया। मोबाइल गायब मिलने पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज से मिले फोटो को आसपास के लोगों को दिखाया गया तो उसकी पहचान आशू उर्फ आशीष दीक्षित के रूप में हुई। इसके बाद स्वजन ऊतरा गांव पहुंचे। आरोपित स्वजन को देखकर भागने लगा, लेकिन उन्होंने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







