अलीगढ़ 11 सितम्बर। मंगलायतन विश्वविद्यालय में आज विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर प्रो. पन्नालाल रमैया ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें करियर में सफलता, सही लक्ष्य के चयन और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण मंत्र दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव कमांडर मनोज के. द्वारा प्रो-चांसलर के परिचय के साथ हुआ। प्रो-चांसलर प्रो. पन्नालाल रमैया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि छात्र जीवन परिवर्तन का महत्वपूर्ण दौर है। इस समय लिया गया सही निर्णय भविष्य की दिशा तय करता है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार विषय एवं करियर का चयन करना चाहिए। अभिभावकों को भी बच्चों पर अपनी पसंद थोपने के बजाय उनकी रुचि को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यह न भूलें कि वे किस पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आगे बढ़कर विश्वविद्यालय तक पहुंचे हैं। ग्रामीण या साधारण परिवेश से आने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और सही मार्गदर्शन आगे बढ़ने का बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभव का लाभ लेने और आवश्यकता पड़ने पर उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करने का आह्वान किया। प्रो. रमैया ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच पर ध्यान देना चाहिए। एआई और आधुनिक तकनीक का उपयोग ज्ञान एवं शोध के लिए करें, समय नष्ट करने के लिए नहीं। उन्होंने रैगिंग से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थी के भविष्य को प्रभावित कर सकती हैं। पढ़ाई के साथ खेल, योग, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेकर अपना सर्वांगीण विकास करना चाहिए। आभार व्यक्त डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीश शर्मा ने किया। कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया। इस अवसर पर प्रो. आरके शर्मा, प्रो. राजीव शर्मा, प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. महेश कुमार, प्रो. दिनेश पांडेय, प्रो. राजेश उपाध्याय, डा. सोनी सिंह, डा. लव मित्तल, डा. फवाद खुर्शीद, डा. शिवराज त्यागी, तरुण शर्मा आदि थे।
