Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 सितम्बर। अलीगढ़ रोड स्थित एलआईसी के निकट नारायण सेवा संस्थान से एक दिव्यांग मरीज को निशुल्क ऑपरेशन के लिए उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर ने हरी झंडी दिखाकर उदयपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर एसडीएम ने नारायण सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग लोगों की सेवा करना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है। एसडीएम राज बहादुर ने कहा कि संस्थान में प्रतिदिन करीब 60 से 70 लोगों की निशुल्क फिजियोथेरेपी की जा रही है। इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य दूसरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आज के समय में मानव सेवा करना कठिन कार्य है और जो लोग जरूरतमंदों की सेवा से जुड़े हैं, वे वास्तव में ईश्वर की सेवा कर रहे हैं।

उन्होंने पिछले करीब 9 वर्षों से शहर के मुख्य मार्ग पर नारायण सेवा संस्थान उदयपुर को निशुल्क स्थान उपलब्ध कराने वाले पिंकी रबर उद्योग एवं पिंकी फूड के संचालक अरुण गर्ग, अभय गर्ग और अनुज गर्ग के प्रयासों की भी सराहना की। एसडीएम ने कहा कि यदि असली नारायण की सेवा करनी है तो नर सेवा महत्वपूर्ण है। मनुष्य को नारायण का रूप माना गया है और जरूरतमंदों की सहायता करना वास्तव में नारायण की सेवा है। इस अवसर पर भारतीय जीवन बीमा निगम के सेवानिवृत्त डिप्टी मैनेजर जेपी अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर स्थित नारायण सेवा संस्थान पिछले करीब 40 वर्षों से दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुटा है। यहां दिव्यांग मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य रूप से उदयपुर जाने वाले मरीजों को ऑपरेशन के लिए करीब 5 से 6 महीने तक इंतजार करना पड़ता है, लेकिन हाथरस की संस्था के माध्यम से उदयपुर भेजे जा रहे मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मरीजों के साथ जाने वाले तीमारदारों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी। स्थानीय स्तर पर मरीजों के साथ जाने वाले करीब 18 लोगों के आने-जाने की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। फेम जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि पिंकी ग्रुप के मालिक अरुण गर्ग एवं उनका पूरा परिवार लंबे समय से समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए परिवार लगातार प्रयासरत है।

वहीं प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने नारायण सेवा संस्थान द्वारा हाथरस में निशुल्क फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने की सराहना की। उन्होंने इसके लिए प्रमुख उद्यमी अरुण गर्ग एवं अभय गर्ग के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम से पूर्व एसडीएम सदर राज बहादुर का जेपी अग्रवाल, डॉ. धनेन्द्र कुमार, अरुण गर्ग, अभय गर्ग, पिंकी गर्ग, सुरेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल एवं विजय जैन लोहिया ने फूलमाला पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन उमाशंकर जैन ने किया। इस मौके पर निशांत अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, राजेश मिश्रा, ओपी वर्मा, पराग गर्ग, पुनीत गर्ग, शुभम गर्ग, सहायक सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page