Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 सितम्बर। आगामी श्री दाऊजी महाराज मेला को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आज, 9 सितंबर को अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह ने मेला स्थल का भ्रमण एवं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में चल रही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने आगंतुकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा पुलिस ड्यूटी के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली। एएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

शहर में पुलिस ने किया पैदल गश्त

मेला स्थल के निरीक्षण के बाद अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह ने पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में पैदल गश्त भी की। इस दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें या यूपी-112 पर सूचना पहुंचाएं। हाथरस पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगामी दाऊजी महाराज मेला को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page