Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 सितम्बर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सासनी साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक शिकायतकर्ता के खाते से गलत नंबर पर ट्रांसफर हुए 45 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता साहिल आमिर पुत्र आमिर बक्श निवासी ग्राम केला नगर नई आबादी, पत्थर वाली गली, पोस्ट कोल, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से गलती से दूसरे नंबर पर 45,000 रुपये ट्रांसफर हो गए थे। शिकायत पर थाना सासनी साइबर क्राइम पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए धनराशि वापस कराने के प्रयास किए।

पुलिस टीम के प्रयासों के बाद शिकायतकर्ता के 45,000 रुपये वापस उसके खाते में पहुंच गए। रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने प्रसन्नता जाहिर की और थाना सासनी पहुंचकर हाथरस पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साइबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपना खाता संख्या, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर आदि गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड अथवा धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील की गई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चौधरी मय थाना सासनी साइबर क्राइम पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page