
सासनी 09 सितम्बर। आर्य समाज द्वारा संचालित दयानंद बाल मंदिर सासनी में विश्व हिंदू परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 12 सितंबर, शनिवार को विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम संयोजक एवं विहिप हाथरस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस समारोह सासनी स्थित सीमैक्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में दोपहर 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य धार्मिक एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजी. अरुण सिंह, जनसेवक, भाजपा कार्यकर्ता एवं डायरेक्टर सीमैक्स इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद ब्रज प्रांत के प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल मौजूद रहेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में दुर्गा वाहिनी मेरठ क्षेत्र की क्षेत्रीय संयोजिका रीना शर्मा अपने विचार रखेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर आरती नंदगिरि श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगी।
समारोह का शुभारंभ दोपहर 3 बजे हवन एवं पूजन के साथ होगा और 3:30 बजे मुख्य समारोह शुरू किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य आरती का आयोजन होगा तथा शाम 5:30 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा। बैठक में विहिप जिला सम्पर्क प्रमुख डॉ. विकास सिंह, जिला सेवा प्रमुख हेमंत कौशल, प्रखण्ड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड उपाध्यक्ष प्रेम शर्मा, प्रखण्ड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, सह मंत्री योगेश त्रिवेदी सहित प्रखण्ड सासनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विहिप पदाधिकारियों ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता, श्रद्धालुओं और युवाओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस आयोजन में सहभागिता करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।











