Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 सितम्बर। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. वेद प्रकाश ने जिला महिला चिकित्सालय, हाथरस का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की ड्यूटी व्यवस्था, स्वच्छता तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीजेरियन सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में चिकित्सालय में प्रतिदिन सीमित संख्या में सीजेरियन किए जा रहे हैं। बताया गया कि अस्पताल में तीन अतिरिक्त गाइनी चिकित्सकों को एम्पैनल्ड किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित चिकित्सकों के साथ तत्काल बैठक कर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने तथा जिला महिला चिकित्सालय में प्रति माह न्यूनतम 100 सीजेरियन किए जाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय की स्वच्छता व्यवस्था में भी कई कमियां सामने आईं। वार्ड कॉरिडोर में गंदगी, पान एवं गुटखे के निशान, फर्श पर पानी तथा मेडिसिन ट्रॉली में कूड़ा पाया गया, जिस पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कूड़े का तत्काल निस्तारण कराने तथा डस्टबिन में निर्धारित मानकों के अनुसार पॉलिथिन लगाए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ओटी की ओर जाने वाले झीने में रखे सामान को तत्काल हटाने को कहा गया। मानव संसाधन एवं ड्यूटी व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्धारित ड्यूटी के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इमरजेंसी एवं मेडिकोलीगल कार्य के लिए तीन चिकित्सकों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाने तथा एक ईएमओ को रिलीवर के रूप में रखने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा गया। जिन दिनों ओटी संचालित नहीं होती है, उन दिनों एनेस्थेटिस्ट द्वारा ओपीडी कार्य में सहयोग दिए जाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने जिला महिला चिकित्सालय की लैब के लिए दो कमरों की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों को दूर करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय को तीन दिवस के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय डाॅ. सूर्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय, हाथरस तथा डाॅ. अनूप शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page