Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 सितम्बर। मा० प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत सौंपे गए दायित्वों का शासन की मंशा और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विभिन्न समारोहों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रामाणिक रूप से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में हुए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों तथा देश और प्रदेश में आए ऐतिहासिक बदलावों को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही उन्हें जनस्मृति में स्थायी स्थान दिलाना अभियान की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के तहत युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा एवं विभिन्न थीमों की जानकारी दी। अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक’ तथा ‘जनसेवा महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न थीमों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, सेवा एवं सुशासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी, व्यवस्थित और जनभागीदारी आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page