
हाथरस 08 सितम्बर। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक कर जनपद हाथरस के इतिहास, पौराणिक विरासत, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों तथा आगामी 115वें राजकीय श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेले की विशेषताओं को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किए जाने को लेकर विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने कहा कि हाथरस का समृद्ध इतिहास, पौराणिक एवं ऐतिहासिक कथाएं, सांस्कृतिक विरासत और श्री दाऊजी महाराज का प्रसिद्ध लक्खी मेला जनपद की विशिष्ट पहचान हैं। इनसे जुड़ी अनसुनी और रोचक कहानियों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर उच्च गुणवत्ता की तथ्यपरक और आकर्षक वीडियो तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। इस पहल को प्रोत्साहित करने के लिए वीडियो एवं कंटेंट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें जनपद के इतिहास, पौराणिक कथाओं, सांस्कृतिक विरासत और श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेले को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने वाले उत्कृष्ट कंटेंट का चयन कर प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्कृष्ट एवं रचनात्मक कार्य करने वाले प्रथम स्थान के प्रतिभागी को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने 115वें श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेले को भव्य, दिव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किए जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं तथा मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं उनकी टीम के सदस्यों ने अपने विचार और महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हुए जिला प्रशासन की इस पहल में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिकारी एवं प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उपस्थित रहे।










